मौसम को लेकर चंपावत प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार

मौसम को लेकर चंपावत प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद चंपावत सहित आसपास के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बदल रहे मौसम, आंधी-तूफान और वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मौसम की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए व्यापक और सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार की गई है।

जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों और टीमों को तत्काल सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखा जाए।

वर्षा के कारण सड़कों पर गड्ढे बनने और यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और संबंधित एजेंसियों को सड़कों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गड्ढों को आरबीएम (RBM) सहित अन्य उपयुक्त सामग्री से भरकर आवागमन सुचारू रखा जाए।

आंधी और तेज हवाओं के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए विद्युत विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को भी आवश्यक खाद्यान्न और अन्य जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में लोगों को आवश्यक सामग्री की कमी का सामना न करना पड़े।

प्रशासनिक तैयारियों को और मजबूत करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आपदा कंट्रोल रूम और आम जनता से प्राप्त होने वाली प्रत्येक कॉल को प्राथमिकता के आधार पर रिसीव करें तथा प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।

भूस्खलन और सड़क अवरोध की संभावनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और जिला मुख्य मार्गों के संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इससे सड़क बंद होने की स्थिति में मार्गों को शीघ्र खोला जा सकेगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिला आपदा परिचालन केंद्र से पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में तुरंत जिला आपदा परिचालन केंद्र अथवा निकटतम शासकीय कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।