गदरपुर में ट्रक चालक से मारपीट और लूट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

गदरपुर में ट्रक चालक से मारपीट और लूट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : गदरपुर (उधम सिंह नगर)
ब्यरो रेपोर्ट

गदरपुर के नवाबगंज रोड पर बुधवार को एक ट्रक चालक के साथ मारपीट और कथित लूट की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पीड़ित ट्रक चालक अजय ने बताया कि वह अपने ट्रक से नवाबगंज रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसके वाहन को रोकने का प्रयास किया और ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

चालक के अनुसार युवकों द्वारा फेंके गए पत्थरों से ट्रक के शीशे टूट गए। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपित युवकों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान चालक को चोटें भी आईं।

अजय का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपित उसके पास रखी लगभग 70 हजार रुपये की नकदी भी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार घटना के समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई।

इस संबंध में स्थानीय निवासी एवं वाहन मालिक इकरार ने बताया कि चालक ने उन्हें भी लूट और मारपीट की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।

वहीं गदरपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।