हजरत शाह कालू सय्यद बाबा का 52वां उर्स आज शाम से शुरू, तैयारियां पूरी

हजरत शाह कालू सय्यद बाबा का 52वां उर्स आज शाम से शुरू, तैयारियां पूरी

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर
: संजय जोशी

कौमी एकता का प्रतीक हजरत शाह कालू सय्यद बाबा रहमतुल्लाह अलैह का 52वां उर्स मुबारक से विधिवत रूप से शुरू हो रहा है। उर्स को लेकर मजार परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं।

उर्स प्रबंधक खादिम मो. मोहसिन ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स के पहले दिन बाद नमाज जुहर कुरान ख्वानी और मिलादे रसूल का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद बाद नमाज मगरिब तकरीर और नात-ए-रसूल का कार्यक्रम संपन्न होगा।

उन्होंने बताया कि 10 जून के बाद नमाज असर कुरान ख्वानी आयोजित की जाएगी, जबकि रात 8 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

11 जून को शाम 6:30 बजे नगरवासियों द्वारा गिलाफ ख्वानी की रस्म अदा की जाएगी और बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई जाएगी। इसके बाद विशेष दुआ और प्रार्थना का आयोजन होगा।

12 जून को शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक कव्वाली, नातिया कलाम और आम लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह शनिवार को भी शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक लंगर, कव्वाली और नातिया कलाम कार्यक्रम होंगे।

उर्स का समापन रविवार को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक कुल शरीफ के साथ किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे से 6 बजे तक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर उर्स का विधिवत समापन होगा।

उर्स परिसर में श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा के लिए अस्थायी दुकानें, लंगर व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

खादिम मो. मोहसिन ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से उर्स में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उर्स से पहले उनकी मौजूदगी में एक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।