खटीमा में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से लाइनमैन की मौत, विभाग पर लापरवाही के आरोप

खटीमा में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से लाइनमैन की मौत, विभाग पर लापरवाही के आरोप

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्ट – अशोक सरकार

ग्राम बिचई उमरकला में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ट्रांसफार्मर में फ्यूज जोड़ने के दौरान करंट लगने से एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजनों ने विभागीय अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की पहचान रंजीत सिंह (35 वर्ष) पुत्र रमेश सिंह राणा, निवासी नौगावनाथ थाना खटीमा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह सोमवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम बिचई स्थित ट्रांसफार्मर पर फ्यूज जोड़ने का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर मौजूद साथी लाइनमैन जितेंद्र राणा ने उन्हें तत्काल उप जिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।

परिजनों का आरोप है कि कार्य शुरू करने से पहले रंजीत सिंह ने कंजाबाग सब स्टेशन से लाइन कट (सेटडाउन) की मांग की थी। परिजनों के अनुसार, उन्हें यह कहकर भेजा गया कि लाइन कट कर दी जाएगी, लेकिन वास्तव में बिजली लाइन बंद नहीं की गई। इसी गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

परिजनों ने कंजाबाग सब स्टेशन और पूरे बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर लाइन बंद की गई होती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भुवन कापड़ी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस बीच घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही लगातार कर्मचारियों की जान पर भारी पड़ रही है। वहीं, घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी मीडिया से दूरी बनाते नजर आए, जिससे लोगों में और अधिक नाराजगी देखी गई।