गदरपुर में बंद मकान से महिला का सड़ा-गला शव बरामद, क्षेत्र में सनसनी

गदरपुर में बंद मकान से महिला का सड़ा-गला शव बरामद, क्षेत्र में सनसनी

स्थान : गदरपुर
ब्यरो रेपोर्ट

रामजीवनपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक बंद मकान से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का शटर काटा और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने मकान से तेज दुर्गंध आने और महिला के कई दिनों से दिखाई न देने पर पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद मकान का शटर काटकर भीतर प्रवेश किया, जहां महिला का शव बरामद हुआ।

भाजपा नेता गुंजन सुखीजा ने बताया कि पुलिस ने पड़ोसियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की, जिससे घटना का खुलासा हो सका। उन्होंने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

स्थानीय निवासी हारून ने बताया कि मृतका दिव्यांग महिला थी और अपने घर में अकेली रहती थी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों से महिला दिखाई नहीं दे रही थी, लेकिन शुरुआत में किसी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

उन्होंने आगे बताया कि पहले हल्की दुर्गंध महसूस हुई, जिसे लोगों ने नाली या आसपास की गंदगी से आने वाली गंध समझ लिया था। लेकिन बाद में मक्खियों का प्रकोप बढ़ने और दुर्गंध तेज होने पर संदेह गहरा गया और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मकान का दरवाजा खोला तो महिला का शव पानी की मोटर के पास पड़ा मिला। शव पूरी तरह सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।

फिलहाल घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।