

स्थान :लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


बिन्दुखत्ता के हल्दूधार गांधी नगर क्षेत्र में आबादी के बीच संचालित किए जा रहे सूअर फार्म के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण लालकुआँ तहसील पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर फार्म को जल्द हटाने की मांग की।


प्रगतिशील युवा एकता केन्द्र के अध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि हल्दूधार गांधी नगर में पूरन सिंह कोरंगा की भूमि पर अमित शर्मा और अमित भंडारी द्वारा सूअर फार्म संचालित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि यह फार्म घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।



ग्रामीणों का कहना है कि फार्म से निकलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। घरों के भीतर तक बदबू पहुंचने से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है, जबकि क्षेत्र में लगातार गंदगी का माहौल बना रहता है।


उन्होंने आशंका जताई कि गंदगी और अस्वच्छ वातावरण के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि आबादी क्षेत्र में इस प्रकार के सूअर या पोल्ट्री फार्म का संचालन जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। इसलिए प्रशासन को जनहित में तत्काल कार्रवाई करते हुए इसे अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करना चाहिए।

ग्रामीणों ने तहसीलदार ईश्वर सिंह भीमा को ज्ञापन सौंपते हुए 15 दिनों के भीतर सूअर फार्म को बंद कर हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित अवधि में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।


ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर बड़ी संख्या में लोग धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर जनस्वास्थ्य और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की।

