कैंचीधाम मेले की तैयारियां तेज, 15 जून को लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना

कैंचीधाम मेले की तैयारियां तेज, 15 जून को लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना

स्थान : हल्द्वानी(नैनीताल)
रिपोर्टर : संजय जोशी

बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर 15 जून को आयोजित होने वाले कैंचीधाम मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को मंदिर परिसर स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। इस दौरान मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाबा की सेवा का अवसर सभी को मिला है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या हिलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र ने विस्तृत योजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मेले के दिन आपातकालीन वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर अन्य सभी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल से शटल सेवा संचालित की जाएगी। निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक नियमित अंतराल पर वाहन चलाए जाएंगे।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त विद्युत प्रकाश, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही मार्ग पर कहीं भी अवैध पार्किंग और भंडारा आयोजन की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का उद्देश्य यातायात को सुचारू बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है।

मेले के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत को आपसी समन्वय के साथ पूरे मेला क्षेत्र और मार्गों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के साथ मोबाइल टॉयलेट भी लगाए जाएंगे। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों से दिन में कम से कम तीन बार कूड़ा उठान करने की व्यवस्था की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जल संस्थान को विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन दिनों तक मेडिकल टीम तैनात रहेगी और दो एम्बुलेंस लगातार उपलब्ध रहेंगी। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और आपात स्थिति के लिए विशेष टीम तैनात करने को कहा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। वन विभाग शिप्रा नदी क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेगा तथा पैदल मार्गों की निगरानी रखेगा। मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात रहेंगी। बैठक में मंदिर समिति के ट्रस्टी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।