शारदा सागर खंड की ठेका नीलामी से राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी

शारदा सागर खंड की ठेका नीलामी से राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार

सीमांत क्षेत्र खटीमा से जुड़े जनपद पीलीभीत के शारदा सागर खंड में इस वर्ष हुई ठेका नीलामी से विभाग को राजस्व के रूप में बड़ी सफलता मिली है। उपखंड द्वितीय खटीमा के कर्मचारी अवध राम के प्रयासों से नीलामी प्रक्रिया में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिससे विभाग की आय में लाखों रुपये का इजाफा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष जिस ठेके की नीलामी मात्र डेढ़ लाख रुपये में हुई थी, उसी ठेके को इस वर्ष 5 लाख 75 हजार 500 रुपये में नीलाम किया गया। इससे विभाग को करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है।

विभागीय अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय उपखंड द्वितीय खटीमा में कार्यरत अवध राम को दिया है। अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने नीलामी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप ठेके की बोली में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली।

अधिकारियों के अनुसार अवध राम हमेशा विभागीय कार्यों के प्रति समर्पित रहते हैं और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। उनकी कार्यशैली और मेहनत का ही परिणाम है कि इस वर्ष विभाग को अपेक्षा से कहीं अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।

इसके अलावा तोलबाड़ीआल ठेके की नीलामी में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह ठेका इस बार 60 हजार 500 रुपये में नीलाम हुआ, जिससे विभागीय आय में और वृद्धि हुई है।

विभागीय अधिकारियों का मानना है कि पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी नीलामी प्रक्रिया से राजस्व बढ़ाने में मदद मिलती है। इस प्रकार की पहल भविष्य में भी विभाग की आय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर सहायक अभियंता योगेंद्र सिंह गौतम, उपखंड प्रथम बाईफरकेशन शारदा सागर खंड के अधिकारी, जूनियर इंजीनियर संदीप श्रीवास्तव, कार्यवाहक जिलेदार अशोक सिंह राणा, वरिष्ठ सहायक मनोज सिंह तथा कनिष्ठ सहायक सुधीर कुमार भारती सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।