

स्थान : चंपावत
ब्यरो रेपोर्ट


राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा गठित नवगठित नगर पंचायत पाटी के प्रथम ऐतिहासिक चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुकी हैं। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदान दल सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच गए हैं।


जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि चुनाव संबंधी सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।



जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।


उन्होंने बताया कि पूरे निर्वाचन क्षेत्र की निगरानी के लिए विभिन्न विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। आदर्श आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

मतदान प्रक्रिया मंगलवार, 9 जून को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान सामग्री को सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जाएगा तथा 11 जून को मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके लिए भी प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नगर पंचायत पाटी के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में हर वोट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।


मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सहायता व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। यदि किसी नागरिक को मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) अथवा बूथ अवेयरनेस ग्रुप (बीएजी) से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। जिलाधिकारी ने विश्वास दिलाया कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

