सिडकुल में साइबर सुरक्षा कार्यशाला, एसएसपी ने किया औचक निरीक्षणस्थान : देहरादूनब्यरो रेपोर्ट

सिडकुल में साइबर सुरक्षा कार्यशाला, एसएसपी ने किया औचक निरीक्षणस्थान : देहरादूनब्यरो रेपोर्ट

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में सिडकुल स्थित पार्ले बिस्किट्स कंपनी में साइबर धोखाधड़ी से बचाव और जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और उद्योग प्रतिनिधियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी देना था।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया ठगी, बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल भुगतान से जुड़ी धोखाधड़ी के मामलों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रतिभागियों को बताया गया कि छोटी सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।

साइबर क्राइम सेल के अधिकारियों ने कर्मचारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक और कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर सितारगंज कोतवाली निरीक्षक सुंदरम शर्मा, सिडकुल चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही, साइबर क्राइम रुद्रपुर से विनोद कुमार, रीता चौहान, सिडकुल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश मोहन, विनय डबराल, पूर्व अध्यक्ष कृष्णा सत्यवाली, परमेश्वर शर्मा, रितनेश चौहान सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यशाला में प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।

कार्यक्रम के बाद एसएसपी अजय गणपति ने सिडकुल चौकी और शक्ति फार्म थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, लंबित निर्माण कार्यों और पुलिस संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही थानों में रखे शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव और अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए।