दहेज और मेहर को लेकर शादी में बवाल, दुल्हन के पिता की मौत

दहेज और मेहर को लेकर शादी में बवाल, दुल्हन के पिता की मौत

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
ब्यरो रेपोर्ट

जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र से एक सनसनी खेज मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह के दौरान दहेज और मेहर की रकम को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। विवाद के बीच दुल्हन के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई, जिसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

घटना खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार निकाह की तैयारियों के बीच दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दुल्हन के पिता को गहरा सदमा लगा, जिससे उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। परिजन उन्हें संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पिता की मौत की खबर मिलते ही लड़की पक्ष में शोक और आक्रोश फैल गया।

दुल्हन के पिता की मौत के बाद गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों को मैरिज हॉल के अंदर ही रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान कुछ बारातियों के साथ मारपीट भी की गई। स्थिति बिगड़ती देख कई बारातियों ने अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के समीप स्थित मकान की छत से कूदकर वहां से निकलने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को शांत कराया गया तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। पुलिस लगातार दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।

खटीमा के कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।