रानीखेत (उत्तराखंड), विश्व पर्यावरण दिवस विशेष

रानीखेत (उत्तराखंड), विश्व पर्यावरण दिवस विशेष

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया यह कार्यक्रम महानिरीक्षक श्री अमित कुमार के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर बियर शिवा स्कूल, रानीखेत के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया बच्चों की भागीदारी ने पूरे परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और उत्साह का वातावरण तैयार किया।

कार्यक्रम में उप-महानिरीक्षक परीक्षित बेहर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और जवानों को संबोधित करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और प्रकृति को बचाने का संदेश देता है।

उन्होंने बढ़ते प्रदूषण, जल संकट, प्लास्टिक कचरा और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं पर चिंता व्यक्त की और कहा कि ये चुनौतियाँ भविष्य के लिए बड़ा खतरा बन चुकी हैं ऐसे में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है।

परीक्षित बेहर ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी को बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है यदि आज हम जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में बल के अधिकारियों, जवानों और स्कूली बच्चों ने मिलकर परिसर में 200 से अधिक छायादार और फलदार पौधे लगाए सभी ने इन पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर एसएसबी के कई वरिष्ठ अधिकारी, जवान, संदीक्षा सदस्य तथा स्कूल के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे पूरा कार्यक्रम एक सफल और प्रेरणादायक आयोजन बन गया।