लक्सर में महाराजा भागीरथ प्रतिमा के सौंदर्यकरण को लेकर सैनी समाज का ज्ञापन, एनओसी पर बढ़ी हलचल

लक्सर में महाराजा भागीरथ प्रतिमा के सौंदर्यकरण को लेकर सैनी समाज का ज्ञापन, एनओसी पर बढ़ी हलचल

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्टर

लक्सर में शहर के सौंदर्यकरण को लेकर एक नया विवाद और चर्चा का विषय सामने आया है। महाराजा भागीरथ की प्रतिमा के सौंदर्यकरण की मांग को लेकर सैनी समाज सक्रिय हो गया है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।

गुरुवार भागीरथ सेना के प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम और सैनी समाज के वरिष्ठ नेता डॉ. बिजेंद्र सैनी के नेतृत्व में समाज के लोगों ने लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद और पालिका चेयरमैन संजीव नीटू को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि महाराजा भागीरथ की प्रतिमा के सौंदर्यकरण के लिए आवश्यक एनओसी तत्काल जारी की जाए, ताकि कार्य बिना देरी के शुरू किया जा सके और लंबे समय से लंबित योजना को आगे बढ़ाया जा सके।

इस मौके पर लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने आश्वासन देते हुए कहा कि सौंदर्यकरण के लिए तुरंत धनराशि जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराजा भागीरथ की प्रतिमा का सम्मान उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

वहीं पालिका चेयरमैन संजीव नीटू ने भी एनओसी जारी करने का भरोसा देते हुए कहा कि प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे प्रतिमा का सौंदर्यकरण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

सैनी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि एनओसी मिलते ही प्रतिमा का सौंदर्यकरण कार्य तुरंत शुरू किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यह मुद्दा लंबे समय से लंबित है और अब इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस पूरे मामले के बीच राजनीतिक हलचल भी देखने को मिल रही है। कुछ दिन पहले इसी एनओसी को लेकर खानपुर विधायक उमेश कुमार पालिका बोर्ड बैठक में नाराज हो गए थे और सभासदों की अनुपस्थिति पर एजेंडा फाड़ते हुए बिना एनओसी काम शुरू करने का अल्टीमेटम देकर चले गए थे।

अब सैनी समाज के नेता ज्ञानचंद सैनी ने कहा है कि विधायक द्वारा धनराशि और पालिका द्वारा एनओसी मिलने के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि महाराजा भागीरथ की प्रतिमा का सौंदर्यकरण कार्य कब तक धरातल पर शुरू हो पाता है।