बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद, यात्रा 8.65 लाख के पार

बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद, यात्रा 8.65 लाख के पार

स्थान : बद्रीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के पवित्र तीर्थ स्थल श्री बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष तीर्थ यात्रियों की संख्या नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। जून माह में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी हुई है और दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

बुधवार को करीब 29 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हरि नारायण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर के कपाट खुलने से लेकर अब तक कुल 8 लाख 65 हजार से अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं, जो इस यात्रा सीजन की ऐतिहासिक संख्या मानी जा रही है।

सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिर के सिंह द्वार पर श्रद्धालुओं की कई किलोमीटर लंबी कतारें देखने को मिलीं। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और लोग दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए।

श्रद्धालु बदरी विशाल के दर्शन से पहले अलकनंदा नदी के तट पर पवित्र स्नान करते दिखे। इसके साथ ही तप्त कुंड में भी आस्था की डुबकी लगाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं, जहां गर्म जल स्रोत में स्नान को अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है।

वहीं ब्रह्म कपाल तीर्थ में भी विशेष धार्मिक गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। यहां श्रद्धालु अपने पूर्वजों की शांति के लिए पिंडदान, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण गहरा आस्था और भक्ति से भरा हुआ है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या का सकारात्मक प्रभाव स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। तीर्थ पुरोहितों, पंडा समाज, होटल व्यवसायियों, दुकानदारों और प्रसाद विक्रेताओं की आमद में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस बार यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से कारोबार को बड़ा लाभ मिल रहा है। बद्रीनाथ धाम में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटा हुआ है।