

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्टर


गर्मी की छुट्टियों और चारधाम यात्रा सीजन के दौरान घाटों पर बढ़ती भीड़ के बीच एसडीआरएफ ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय दिया नीम बीच घाट पर मोबाइल से रील बनाते समय गंगा नदी में गिरे एक युवक को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।


जानकारी के अनुसार सोमवार को एक युवक नीम बीच घाट पर नदी किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहा था इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गंगा के तेज बहाव में जा गिरा युवक को पानी में बहता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।



घटना के समय घाट पर ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया टीम के जवानों ने बिना देर किए युवक को बचाने के लिए त्वरित कार्रवाई की।


रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हेड कांस्टेबल किशोर कुमार ने साहस का परिचय देते हुए सीधे गंगा में छलांग लगा दी वह तेज बहाव के बीच डूबते युवक तक पहुंचे और उसे संभालने का प्रयास किया।
इसी दौरान घाट पर मौजूद अन्य एसडीआरएफ जवानों ने थ्रो-बैग की मदद से बचाव कार्य शुरू किया टीम के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद युवक की स्थिति सामान्य पाई गई समय पर सहायता मिलने से उसकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एसडीआरएफ के साहस और मुस्तैदी की सराहना की।


चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि नदी, घाट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रील या सेल्फी बनाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें एसडीआरएफ ने भी लोगों से गंगा के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

