

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्टर


कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं इसी क्रम में आयोजित एक बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर मंथन किया गया तथा विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।


बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कहा कि राहुल गांधी आज देश ही नहीं बल्कि दुनिया के स्तर पर एक महत्वपूर्ण राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में देखे जा रहे हैं उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।



रणजीत सिंह रावत ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और विभिन्न जनसमस्याओं पर सरकार प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम जनता के जीवन पर पड़ रहा है।


उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि होने से लोगों की आर्थिक परेशानियां बढ़ी हैं कांग्रेस का मानना है कि सरकार को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

पूर्व विधायक ने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा और पौड़ी में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे इसके बाद 5 जून को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां संगठनात्मक मुद्दों और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रमों में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं रामनगर क्षेत्र से भी हजारों कार्यकर्ताओं के अल्मोड़ा कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई गई है।


रणजीत सिंह रावत ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का यह दो दिवसीय दौरा उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देगा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटी हुई है और यह दौरा संगठन के लिए एक नया अध्याय साबित होगा।

