

स्थान : गमशाली
ब्यूरो रिपोर्टर


उत्तराखंड की चीन-तिब्बत सीमा से सटी सीमांत नीति घाटी में आयोजित अल्ट्रा एक्सट्रीम मैराथन रेस के तीसरे दिन माउंटेन बाइक (एमटीबी) चैलेंज रेस का रोमांच देखने को मिला दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों ने उत्साह और साहस का शानदार प्रदर्शन किया।


एमटीबी चैलेंज रेस का आयोजन गमशाली गांव से मलारी घाटी तक विभिन्न श्रेणियों में किया गया लगभग 30 किलोमीटर लंबे चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर पुरुष, महिला और ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया।



उत्तराखंड की “मिनी स्पीति वैली” के नाम से प्रसिद्ध नीति घाटी के मनमोहक प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस रेस में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया ऊबड़-खाबड़ रास्तों, तीखे मोड़ों और ऊंचाई वाले ट्रैक पर साइकिलिंग करते हुए खिलाड़ियों ने जबरदस्त जज्बा दिखाया।


प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पूरे रूट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस और भारतीय सेना की ओर से मेडिकल टीमों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इस एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन ने सीमांत क्षेत्र में पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है प्रतियोगिता के माध्यम से नीति-मलारी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।


उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस मेगा एडवेंचर स्पोर्ट्स इवेंट में प्रतिभागियों और दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला स्थानीय लोगों ने भी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर सहयोग किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


कार्यक्रम का समापन दोपहर बाद पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स और हाई-एल्टीट्यूड पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मददगार साबित होंगे।

