खटीमा में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, सोशल मीडिया टिप्पणी और मारपीट मामले से बढ़ा तनाव

खटीमा में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, सोशल मीडिया टिप्पणी और मारपीट मामले से बढ़ा तनाव

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी के बाद विवाद गहरा गया है मामले को लेकर सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

नाराज नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने खटीमा कोतवाली पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 28 मई को हुई बताई जा रही है, जब बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा वाल्मीकि समाज के एक सफाई कर्मचारी, जो ट्रैक्टर चालक है, के साथ मारपीट की गई थी आरोप है कि कर्मचारी को सरेराह लात-घूसों से पीटा गया, जिससे सफाई कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई।

इसके बाद मामला तब और गंभीर हो गया जब एक कार्यकर्ता सी.के. बिष्ट के सोशल मीडिया अकाउंट से पूर्व दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणियां की गईं साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

सफाई कर्मचारी यूनियन की अध्यक्ष ग्रेस देवी ने कहा कि समाज और उनके प्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की अभद्रता और धमकियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है खटीमा थाना प्रभारी विजेंद्र शाह ने सफाई कर्मचारियों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपों की जांच की जा रही है, जिसमें सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियां और मारपीट के आरोप शामिल हैं पुलिस ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

फिलहाल खटीमा में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच जारी है।