

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड लमगड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव में वृहद बहुउद्देशीय एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


शिविर में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य केवल कानूनों की जानकारी देना नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और आम नागरिकों के बीच की दूरी को कम करना भी है।



उन्होंने कहा कि समाज का हर व्यक्ति न्याय तक आसान पहुंच का अधिकारी है और कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।


शिविर में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि ने विभिन्न योजनाओं और विधिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी उन्होंने बताया कि प्राधिकरण का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक न्याय और सरकारी सहायता को सरल तरीके से पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया कुल 629 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से लाभ मिला।


शिविर में 200 छड़ियां, 100 कान की मशीन, 25 कंबल, 50 वॉटर प्यूरीफायर, 3 महालक्ष्मी किट, 100 नोटबुक और 3 व्हीलचेयर का वितरण किया गया इस दौरान जरूरतमंद लोगों को सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।



कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

