रानीखेत में पहली बार महिला रामलीला प्रतियोगिता का शुभारंभ

रानीखेत में पहली बार महिला रामलीला प्रतियोगिता का शुभारंभ

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत में पहली बार आयोजित की जा रही दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता का भव्य आगाज मिशन इंटर कॉलेज परिसर में हुआ इस अनूठी सांस्कृतिक प्रतियोगिता में क्षेत्र की आठ महिला टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जो रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह रावत, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विमला रावत तथा सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सांस्कृतिक प्रेमी मौजूद रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिला रामलीला प्रतियोगिता केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी कला और अभिनय प्रतिभा दिखाने के लिए ऐसा मंच मिलना समाज के लिए प्रेरणादायक है।

प्रतियोगिता के पहले दिन मातृ शक्ति समूह रानीखेत की महिला कलाकारों ने परशुराम-लक्ष्मण संवाद का प्रभावशाली मंचन किया कलाकारों के जीवंत अभिनय और संवाद अदायगी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा उन्हें खूब सराहना मिली।

वहीं गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला ने शूर्पणखा नासिका छेदन प्रसंग को मंचित किया इसके अलावा जय मां काली स्वयं सहायता समूह पाखुड़ा ने सीता स्वयंवर की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और अभिनय के माध्यम से रामायण के पात्रों को जीवंत कर दिया।

सांस्कृतिक समिति की महिला टीम ने ताड़का वध प्रसंग का शानदार मंचन किया कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और महिला कलाकारों की प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया पूरे आयोजन के दौरान सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है उनका कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ावा देते हैं।