मसूरी में पार्किंग और अतिक्रमण बड़ी चुनौती, एक साल में समाधान का दावा : मीरा सकलानी

मसूरी में पार्किंग और अतिक्रमण बड़ी चुनौती, एक साल में समाधान का दावा : मीरा सकलानी

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने पत्रकारों से खुलकर बातचीत की और शहर के विकास, चुनौतियों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए नगर पालिका की प्राथमिकताओं और कार्यों की जानकारी दी।

संवाद कार्यक्रम में पत्रकारों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर सवाल उठाए, जिनका जवाब देते हुए मीरा सकलानी ने स्वीकार किया कि मसूरी के कुछ क्षेत्रों में अभी विशेष कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद इन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि माल रोड मसूरी की आजीविका का मुख्य केंद्र है और इसकी गरिमा तथा व्यवस्था बनाए रखना पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि माल रोड को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पटरी व्यापारियों को हटाने जैसी कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से शहर हित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आते हैं और ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए। इससे जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर एहसास होता है और जनता की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिलता है।

मीरा सकलानी ने कहा कि वर्तमान समय में मसूरी की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक वर्ष के भीतर शहर को नई पार्किंग सुविधा मिल जाएगी, जिससे यातायात और जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने नगर पालिका की संपत्तियों को अतिक्रमण और अवैध कब्जों से मुक्त कराने को भी अपनी प्राथमिकता बताया। इसके लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि पालिका की परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग शहर के विकास में किया जा सके।

गत वर्ष आई आपदा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना से प्रशासन और पालिका को कई महत्वपूर्ण सीख मिली हैं। इसी के तहत नालों और खालों पर हुए अवैध अतिक्रमणों को हटाना जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि उनके कार्यकाल का लगभग एक वर्ष पूरा हो चुका है और शुरुआती दौर में व्यवस्थाओं को समझना चुनौतीपूर्ण रहा। हालांकि अब धीरे-धीरे सिस्टम को व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि शहर के विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम शुरू होगा।