

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


रुड़की में एक पुराने लोन मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई विवादों में घिर गई है सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस एक महिला की गिरफ्तारी के लिए त्यागी परिवार के घर पहुंची, जिसके बाद वहां हंगामे की स्थिति बन गई परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।


जानकारी के अनुसार मधु नाम की महिला ने करीब चार वर्ष पहले एक फाइनेंस कंपनी से लगभग 50 हजार रुपये का ऋण लिया था आर्थिक तंगी के कारण वह समय पर ऋण की किस्तें जमा नहीं कर सकी, जिसके बाद मामला न्यायालय पहुंच गया न्यायालय से महिला के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया था।


परिजनों का दावा है कि महिला ने चार दिन पहले ही लगभग 40 हजार रुपये की बकाया राशि जमा कर दी थी इसके बावजूद शुक्रवार को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस दो वाहनों में त्यागी परिवार के आवास पर पहुंच गई और महिला को तलाशने का प्रयास किया।


मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर पहुंचकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गिरफ्तारी का दबाव बनाया इस दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच बहस भी हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

पंकज त्यागी ने बताया कि मधु उनके यहां घरेलू काम करती है उनका कहना है कि यदि पुलिस को कार्रवाई करनी थी तो महिला के निवास पर जाना चाहिए था उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर पहुंचकर अभद्र व्यवहार करना उचित नहीं था और इससे परिवार को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद इलाके में चर्चा और नाराजगी का माहौल है स्थानीय लोगों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है लोगों का कहना है कि कानून का पालन करते हुए भी नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।


मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि महिला के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था महिला के बेटे ने पुलिस को जानकारी दी थी कि वह त्यागी आवास पर मौजूद है, इसी सूचना के आधार पर पुलिस वहां पहुंची थी उन्होंने कहा कि अभद्रता के आरोपों की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी फिलहाल पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और कार्रवाई के तौर-तरीकों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

