

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक के कई ग्रामीण इलाकों में हुई तेज ओलावृष्टि से फल, सब्जियों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से किसान निराश और चिंतित नजर आ रहे हैं।


क्षेत्र के बागवानों और किसानों का कहना है कि इस समय उनके बागानों में सेब, पुलम, आड़ू, खुमानी, कीवी और आम के फल लगे हुए हैं, जबकि संतरा, माल्टा और नींबू के पेड़ों में फूल आए हुए थे ओलावृष्टि के कारण फलों और फूलों को भारी क्षति पहुंची है, जिससे उत्पादन पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।


बागवान भूपाल सिंह रावत, डॉ. राजेंद्र पुनेठा, गंगादत्त जोशी, चंद्रदत्त जोशी और पूर्व प्रधान होशियार सिंह बोरा सहित कई किसानों ने बताया कि उन्होंने काफी मेहनत और खर्च के बाद अपनी फसलों को तैयार किया था लेकिन अचानक हुई ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।


किसानों ने बताया कि खेतों में उगाई गई साग-सब्जियां और अन्य मौसमी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं उनका कहना है कि किसी तरह जंगली जानवरों से फसलों की रक्षा की गई थी, लेकिन ओलों ने उनकी मेहनत को बर्बाद कर दिया इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है संगठन का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को तत्काल राहत पैकेज जारी करना चाहिए, ताकि किसानों को कुछ राहत मिल सके।

जिलाधिकारी चंपावत के निर्देश पर राजस्व, कृषि और उद्यान विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा शुरू कर दिया है अधिकारी किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और जंगलों में लगी आग पर भी काफी हद तक नियंत्रण हुआ है, लेकिन ओलावृष्टि किसानों के लिए भारी संकट बनकर सामने आई है लोहाघाट के गंगनोला, भूमलाई, झड़पतिया तथा नगर क्षेत्र से लगे गांवों के अलावा बाराकोट के तड़ाग, रेगडू, आली और बिसराड़ी क्षेत्रों में सबसे अधिक नुकसान की खबर है मौसम विभाग ने भी मौसम के मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

