

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली पुल के पास गंगा में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों के बह जाने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना उस समय हुई जब एक समूह नदी में स्नान कर रहा था। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुशहाल माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदलता दिख रहा है।


जानकारी के अनुसार गुरुवार को दोपहर करीब 1:50 बजे मेरठ से आए छह लोगों का एक समूह ऋषिकेश घूमने निकला था। यह सभी लोग मेरठ स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में कार्यरत बताए जा रहे हैं और छुट्टी के दौरान घूमने आए थे।

घूमने के दौरान सभी लोग सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी किनारे पहुंचे, जहां उन्होंने स्नान करने का निर्णय लिया। इसी दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से दो लोग पानी में बह गए।


हादसे में ऋतु (30), पत्नी वांशिक माहेश्वरी, निवासी मेरठ और नरेश उपाध्याय (42), निवासी पोस्ट ऑफिस जागेठी गांव, थाना काकरखेड़ा, मेरठ के लापता होने की सूचना है। दोनों के तेज बहाव में बह जाने से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की ढालवाला और ब्यासी टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की मदद से नदी में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग नदी किनारे सामान्य रूप से स्नान कर रहे हैं, लेकिन अचानक तेज बहाव के कारण एक पुरुष और महिला संतुलन खो देते हैं और देखते ही देखते पानी में बह जाते हैं। साथ आए लोग उन्हें बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन तेज बहाव के आगे असफल रहते हैं।



SDRF ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में बिना अनुमति या प्रतिबंधित क्षेत्रों में स्नान न करें। विभाग ने कहा है कि नदी के किनारे ही रहें और गहरे पानी में जाने से बचें, क्योंकि जरा-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
स्थानीय प्रशासन ने भी चेतावनी दी है कि सिंगटाली पुल क्षेत्र में हर साल गर्मियों और मानसून के दौरान ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं। इसके बावजूद पर्यटकों की लापरवाही से जान का जोखिम बना रहता है।
फिलहाल दोनों लापता लोगों की तलाश जारी है और प्रशासन ने लोगों से नदी किनारों पर सतर्कता बरतने की अपील की है।

