

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


नगर क्षेत्र में उस समय हंगामा मच गया जब प्राचीन शनि मंदिर और शहीद स्मारक के पास स्थित नगर पालिका के डंपिंग जोन में मांस मिलने की घटना सामने आई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।


जानकारी के अनुसार, बीते दिन डंपिंग जोन में कूड़े के साथ मांस और हड्डियां मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया शनि मंदिर को जहां श्रद्धालु आस्था का प्रमुख केंद्र मानते हैं, वहीं पास ही स्थित शहीद स्मारक को वीर शहीदों की स्मृति के रूप में सम्मान दिया जाता है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे पवित्र स्थलों के पास नगर पालिका द्वारा डंपिंग जोन बनाए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं लोगों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।


घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और डंपिंग जोन को तत्काल हटाने की मांग की साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बॉबी राठौर ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की गाड़ी द्वारा ही रात में मांस और हड्डियों से भरा कूड़ा लाकर डंपिंग जोन में डाला जाता है उन्होंने इसे शहीदों और धार्मिक आस्था दोनों का अपमान बताया।

वहीं प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है खटीमा एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि नगर पालिका को कड़ी फटकार लगाई गई है और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।


प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े निर्देश जारी किए जा रहे हैं और व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

