

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच विकासनगर वन प्रभाग में वन्यजीवों को राहत पहुंचाने के लिए वन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है जंगलों में प्राकृतिक जल स्रोत सूखने लगे हैं, जिसके चलते जंगली जानवर पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं।


वन विभाग द्वारा तिमली और जौड़पुर रेंज में कृत्रिम तालाबों तक नियमित रूप से पानी पहुंचाया जा रहा है विभाग के अनुसार प्रतिदिन करीब 20 टैंकरों के माध्यम से जंगलों में जलापूर्ति की जा रही है, ताकि वन्यजीवों को गर्मी के दौरान पानी की कमी का सामना न करना पड़े।


वन अधिकारियों ने बताया कि इस बार स्थाई जल स्रोतों को पाइपलाइन से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है इससे कई कृत्रिम तालाबों तक लगातार पानी पहुंचाया जा सकेगा और लंबे समय तक जल संकट से राहत मिलेगी।


गर्मी बढ़ने के साथ जंगलों के छोटे जल स्रोत तेजी से सूख रहे हैं ऐसे में हाथी, हिरण, तेंदुए और अन्य वन्यजीव पानी की तलाश में गांवों और सड़कों की ओर आ रहे हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी बढ़ जाता है।

वन विभाग का कहना है कि कृत्रिम तालाबों में पानी उपलब्ध रहने से वन्यजीव जंगलों के भीतर ही रहेंगे और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर कम आएंगे इससे वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।


इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग मिल रहा है कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण जल संरक्षण कार्यों में विभाग की मदद कर रहे हैं।



वन विभाग को उम्मीद है कि सामूहिक प्रयासों से भीषण गर्मी के दौरान वन्यजीवों को बड़ी राहत मिलेगी और जंगलों का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।

