

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट बदल ली देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई मौसम विभाग की चेतावनी इस बार पूरी तरह सही साबित हुई।


मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली तेज बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।


बारिश का सबसे बड़ा फायदा जंगलों में लगी आग को लेकर देखने को मिला लंबे समय से जंगलों में धधक रही आग बारिश के बाद काफी हद तक शांत हो गई इससे वन विभाग ने भी राहत महसूस की है।


हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में हुई तेज ओलावृष्टि किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई खेतों और बागानों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान काफी परेशान और मायूस नजर आए।

किसानों ने बताया कि इस समय पेड़ों में पुलम, आड़ू, खुमानी, कीवी और आम के फल लगे हुए हैं ओलों की मार से फलों को काफी नुकसान पहुंचा है और कई फल पेड़ों से टूटकर जमीन पर गिर गए।


इसके अलावा खेतों में उगाई गई साग-सब्जियां और अन्य मौसमी फसलें भी बर्बाद हो गई हैं किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है और अब उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।


प्रभावित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है फिलहाल क्षेत्र में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है और लोगों को आगे भी खराब मौसम की आशंका बनी हुई है।

