अल्मोड़ा में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह सम्पन्न, 32 संस्थाओं को मिला सम्मान

अल्मोड़ा में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह सम्पन्न, 32 संस्थाओं को मिला सम्मान

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

अल्मोड़ा के उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को उनके नवाचार एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम उन कर्मयोगियों को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने समाजहित में नवाचार और समर्पण के साथ कार्य कर सकारात्मक परिवर्तन लाने में योगदान दिया है। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सीएम धामी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कई संस्थाओं ने असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं, जो यह दर्शाता है कि मजबूत इच्छाशक्ति से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए देश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जो राज्य की विकास यात्रा की सही दिशा को दर्शाता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।

प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने में सभी की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद का समग्र विकास प्रशासन की प्राथमिकता है और जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाना ही लक्ष्य है।

वार्षिक एसडीजी रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान, उत्तरकाशी और नैनीताल को द्वितीय स्थान तथा बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में भागीदारी निभाई।