

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


सुबह 6 बजे जयहिंद सेवा संघ संगठन के सदस्यों ने महुआखेड़ा गंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, कन्या इंटर कॉलेज तथा राजकीय आईटीआई के मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान मैदान में फैली गंदगी और बड़ी-बड़ी घास की सफाई की गई।


संगठन के कार्यकर्ताओं ने फावड़ा और घास काटने वाले औजारों की मदद से पूरे खेल मैदान को साफ किया और उसे बच्चों के खेलने योग्य बनाया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा।


कार्यकर्ताओं ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चे सुबह और शाम के समय मैदान में खेलकर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में पुलिस भर्ती व अन्य विभागों की शारीरिक परीक्षा के लिए भी साफ-सुथरा मैदान बेहद जरूरी है।


अभियान के दौरान संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे, जिनमें मीडिया प्रभारी अल्फैज़ अंसारी, राशिद अंसारी, रज़ा अली, अली हसन, फिरोज़ आलम, रिज़वान धीमरखेड़ा, नाजिम हुसैन और समर अली शामिल रहे।
इस मौके पर जयहिंद सेवा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद रिज़वान अंसारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी इसी तरह समाजहित में स्वच्छता और जनसेवा के कार्यक्रम जारी रखेगा।

स्थानीय लोगों ने संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से सार्वजनिक स्थानों की स्थिति बेहतर होती है और बच्चों को सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण मिलता है।



