मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन को मिली नियमित संचालन की मंजूरी

मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन को मिली नियमित संचालन की मंजूरी

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट के प्रयासों के बाद मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन को अब नियमित संचालन की मंजूरी मिल गई है। रेलवे प्रशासन ने पूर्व में विशेष गाड़ी के रूप में संचालित 09075/09076 मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट ट्रेन को अब नियमित ट्रेन संख्या 21907/21908 के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।

सांसद अजय भट्ट ने इस ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर कई बार रेल मंत्री से मुलाकात कर कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए इसे स्थायी रूप से चलाने की मांग की थी। उनके प्रयासों का संज्ञान लेते हुए रेलवे मंत्रालय ने इस सेवा को नियमित करने का फैसला लिया है। इस अवसर पर सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 27 मई 2026 से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से किया जाएगा। यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से सुबह 10:55 बजे रवाना होकर अगले दिन हल्द्वानी होते हुए दोपहर 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 28 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 9:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

यह ट्रेन मार्ग में हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, बरेली, मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यात्रियों को व्यापक सुविधा मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य श्रेणी, शयनयान, एसी थर्ड और एसी सेकेंड श्रेणी के कोच शामिल होंगे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों और मुंबई में कार्यरत उत्तराखंडवासियों के लिए इस ट्रेन का नियमित संचालन एक बड़ी राहत माना जा रहा है, जिससे आवागमन और भी सुगम हो सकेगा।