अल्मोड़ा को मिली 138 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 17 का लोकार्पण व 9 का शिलान्यास

अल्मोड़ा को मिली 138 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 17 का लोकार्पण व 9 का शिलान्यास

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अल्मोड़ा पहुंचकर लगभग 138 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान कुल 17 योजनाओं का लोकार्पण तथा 9 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात जनपद को प्रदान की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास एवं ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत पूरे राज्य में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व्यवस्था और पेयजल योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से जनपद में सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी तथा रोजगार और सुविधाओं के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा की जनता को इन विकास योजनाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार जनसेवा एवं समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, कुलपति एसएसजे विश्वविद्यालय प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।