देहरादून में केजीसीसीआई गढ़वाल चैप्टर की स्थापना, उद्योग विकास पर जोर

देहरादून में केजीसीसीआई गढ़वाल चैप्टर की स्थापना, उद्योग विकास पर जोर

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून के एक स्थानीय होटल में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई) के गढ़वाल चैप्टर की औपचारिक स्थापना की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ आरके सुधांशु ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

समारोह में गढ़वाल चैप्टर के नव नियुक्त अध्यक्ष मनमोहन भारद्वाज और उनकी 19 सदस्यीय टीम को केजीसीसीआई की सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का शुरू से ही उद्योगों के प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैया रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कारण देश और विदेश के बड़े उद्योगपतियों ने राज्य में निवेश कर उद्योग स्थापित किए हैं।

उन्होंने बताया कि पुष्कर सिंह धामी सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये के उद्योगों को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उद्योग किसी भी राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ होते हैं और सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि उत्तराखंड में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश नीति और प्रशासनिक सहयोग के कारण राज्य में तेजी से औद्योगिकीकरण हो रहा है।

केजीसीसीआई के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड में उद्योगपतियों को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिल रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन का विस्तार गढ़वाल मंडल में व्यापक स्तर पर किया जाएगा।

गढ़वाल चैप्टर के अध्यक्ष मनमोहन भारद्वाज ने कहा कि संगठन औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मंडल में उद्योगों के विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।