सितारगंज में ईद को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, शांतिपूर्ण त्योहार की अपील

सितारगंज में ईद को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, शांतिपूर्ण त्योहार की अपील

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

सितारगंज कोतवाली परिसर में आगामी ईद पर्व को लेकर पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी धर्मों के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने की। इस दौरान उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

बैठक में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने बिजली, पानी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।

मौके पर मौजूद नगर पालिका, बिजली विभाग, जल संस्थान और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान जामा मस्जिद के इमाम मुकीम राजा ने भी लोगों से अपील की कि ईद का त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहा जाए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में शांति और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही प्रशासन से त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

अंत में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ईद के मौके पर बिजली, पानी, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रखा जाएगा, ताकि लोग शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।