चम्पावत के खटोली गांव में डीएम की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान

चम्पावत के खटोली गांव में डीएम की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और अंतिम छोर तक प्रशासन पहुंचाने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत की दूरस्थ ग्राम सभा खटोली में रात्रि चौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित दुर्गम ग्राम सभा खटोली में पहुंचने वाले जिलाधिकारी मनीष कुमार चम्पावत के पहले जिलाधिकारी बन गए हैं। देर शाम आयोजित इस रात्रि चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर सीधे संवाद किया।

ग्राम सभा पचनई, तल्ली खटोली, मल्ली खटोली और वैला सहित आसपास के कई गांवों से आए ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, आवास, शौचालय, सिंचाई, नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बिजली लाइनों की खराब स्थिति और बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और लाइन सुधार कार्य शीघ्र करने के निर्देश दिए।

सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में विज्ञान प्रयोगशाला के लिए अतिरिक्त कक्षों की मांग पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को मानकों के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों द्वारा शौचालय, गौशाला और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएं उठाने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और स्वजल परियोजना प्रबंधक को पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सोनिया देवी द्वारा हैंडपंप की मांग पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप स्थापित करने और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।