रावली महदूद में महिलाओं को मिला स्वास्थ्य व स्वच्छता पर जागरूकता संदेश

रावली महदूद में महिलाओं को मिला स्वास्थ्य व स्वच्छता पर जागरूकता संदेश

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पत्नी और प्रज्ञा फाउंडेशन की संस्थापक प्रज्ञा दीक्षित ने समाज में जागरूकता और सेवा की मिसाल पेश की है। उन्होंने रावली महदूद ग्राम पंचायत में पहुंचकर महिलाओं और युवतियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाएं और किशोरियां मौजूद रहीं। इस दौरान उन्हें मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और स्वच्छता से जुड़े जरूरी पहलुओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के तहत महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। स्थानीय महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं, जिससे सही जानकारी समाज तक पहुंचती है।

प्रज्ञा दीक्षित ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म कोई संकोच का विषय नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है, जिस पर खुलकर चर्चा की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करने के साथ-साथ उनका सही तरीके से निस्तारण करना भी जरूरी है, क्योंकि लापरवाही से पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

प्रज्ञा दीक्षित ने बताया कि नगर निकाय द्वारा अब मेडिकल और सैनिटरी वेस्ट के लिए विशेष कचरा संग्रहण वाहन संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से इनका सुरक्षित निस्तारण किया जा रहा है।

उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस विषय पर झिझक छोड़कर आगे आएं और खुद जागरूक बनें तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं और किशोरियों को भी जागरूक करें।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय महिलाओं ने इस पहल को बेहद सराहनीय बताया और कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।