पौड़ी में गुलदार का आतंक, वन मंत्री के पैतृक गांव में महिला पर हमला

पौड़ी में गुलदार का आतंक, वन मंत्री के पैतृक गांव में महिला पर हमला

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

पौड़ी जनपद में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ताजा मामला उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल के पैतृक गांव औणी का है, जहां गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। गांव निवासी विनीता देवी (45), पत्नी किशोर कुमार, पड़ोस के घर से दूध लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के समीप गदेरे में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और शोर मचाया। शोर सुनकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया, जिससे महिला की जान बच सकी।

पूर्व ग्राम प्रधान गीता देवी ने बताया कि यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की आवाजाही से लोग दहशत में हैं।

घायल महिला को तुरंत श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार हमलों के बावजूद वन विभाग की ओर से ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब वन मंत्री के पैतृक गांव तक गुलदार पहुंच गया है, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से गुलदार को आदमखोर घोषित किए जाने को लेकर अनुरोध किया गया है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।