हल्द्वानी सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

हल्द्वानी सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्ट : संजय जोशी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग पहुंचे। उन्होंने पेयजल, ग्रामीण सड़कों, बिजली आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को गर्मी के मौसम में आवश्यकता अनुसार टैंकरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब नलकूपों और हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाए। वहीं विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि किसी को भी नमाज पढ़ने से मनाही नहीं है, लेकिन निर्धारित स्थानों पर ही धार्मिक गतिविधियां की जाएं ताकि किसी को असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।