गंगा दशहरा पर हरिद्वार में श्रद्धा का सैलाब, घाटों पर उमड़ी भारी भीड़

गंगा दशहरा पर हरिद्वार में श्रद्धा का सैलाब, घाटों पर उमड़ी भारी भीड़

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर
: धर्मराज


गंगा दशहरा के पावन अवसर पर हरिद्वार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से भक्त बड़ी संख्या में पहुंचे।

सुबह-सुबह घाटों पर पूजा-अर्चना और प्रातःकालीन आरती में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रात से ही हरिद्वार के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दूर से आए भक्तों ने गंगा स्नान कर मां गंगा को प्रणाम किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।

हरिद्वार के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना कर लोगों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा और व्यवस्थागत इंतजाम किए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस बल को मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है। घाटों और मार्गों पर लगातार निगरानी बढ़ाई गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था का रियल-टाइम जायजा ले रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं।