देहरादून में AAP की जनसभा, चुनावी तैयारियों को लेकर संगठन विस्तार पर जोर

देहरादून में AAP की जनसभा, चुनावी तैयारियों को लेकर संगठन विस्तार पर जोर

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को धार देने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने देहरादून में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा दी है।

रेशम माजरी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी द्वारा एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

जनसभा की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष गणेश कुड़ियाल ने की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जमीनी पकड़ को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के विधायक एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह सक्रिय रहने का संदेश दिया।

जनसभा में देहरादून जिले की डोईवाला, ऋषिकेश, धर्मपुर, रायपुर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में पहुंचे। संगठन विस्तार को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष गणेश कुड़ियाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे जनमुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में पार्टी सरकार द्वारा किए गए जनहित कार्यों को जनता तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

मुख्य अतिथि महेंद्र यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता मौजूदा व्यवस्था से त्रस्त है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि युवाओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि राजनीतिक बदलाव की बयार चल रही है और जनता अब नए विकल्प की ओर देख रही है।