

स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


गदरपुर के नंदपुर गांव में युवक मंगल दल और ग्राम प्रधान के सहयोग से क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना बताया गया।


प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक पुत्र अतुल पांडे द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेल एवं शिक्षा की ओर प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव में कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था।

उन्होंने कहा कि अब क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिल सके और वे आगे बढ़ सकें। गांव में खेल संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास लगातार जारी है।
युवक मंगल दल के अध्यक्ष कृष्ण ठाकुर ने कहा कि संगठन समाज सेवा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

खिलाड़ियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद वे पूरे जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। उनका कहना है कि क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा है और इससे मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है।


खिलाड़ियों ने बताया कि गांव में पेयजल, खुली जगह और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे प्रतियोगिता सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने आयोजनकर्ताओं का आभार भी जताया।
प्रतिभागी खिलाड़ियों ने महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि वे उन्हीं से प्रेरणा लेकर इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं और टूर्नामेंट जीतने का पूरा प्रयास करेंगे।

