गंगा दशहरा पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

गंगा दशहरा पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर
: धर्मराज

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर हरिद्वार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न हिस्सों से आए भक्तों ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया।

रात से ही हरिद्वार के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जैसे ही प्रातःकाल का समय हुआ, हर की पैड़ी समेत सभी प्रमुख घाटों पर स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया।

श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर अपने पापों के शुद्धिकरण की कामना की और मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। घाटों पर “हर-हर गंगे” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। अधिकारियों ने लगातार घाट क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस बल को मेला क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों और मार्गों पर तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए विशेष निगरानी टीमों को सक्रिय किया गया है।

सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत वरिष्ठ अधिकारी लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पार्किंग और यातायात नियंत्रण एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, जिसे संभालने के लिए अतिरिक्त बल लगाया गया है।