खटीमा के नौगवां ठग्गू में कांग्रेस का ‘आदिवासी संवाद’, भारी भीड़ उमड़ी

खटीमा के नौगवां ठग्गू में कांग्रेस का ‘आदिवासी संवाद’, भारी भीड़ उमड़ी

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र के नौगवां ठग्गू में कांग्रेस पार्टी द्वारा भव्य ‘आदिवासी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज और स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने राजनीतिक माहौल को खासा गरमा दिया।

कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और पुष्पमालाओं से अतिथियों का जोरदार स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा नजर आया।

मंच पर अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, विधायक भुवन चंद्र कापड़ी, विधायक गोपाल सिंह राणा, प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष बंसी लाल मीणा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस दौरान डॉ. विक्रांत भूरिया ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।

विधायक भुवन चंद्र कापड़ी और विधायक गोपाल सिंह राणा ने क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया और स्थानीय मुद्दों के समाधान को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की बात कही।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और बंसी लाल मीणा ने भी आदिवासी समाज के हक-हकूक की लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कहा कि समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज उत्तराखंड के चेयरमैन अशोक राणा ने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम में जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर गहन मंथन किया गया और समाज के अधिकारों को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

भारी जनसैलाब को देखते हुए राजनीतिक हलकों में इस कार्यक्रम को कांग्रेस की बड़ी ताकत के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को आने वाले समय के राजनीतिक समीकरणों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।