हरिद्वार में जल पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाई तीन लोगों की जान

हरिद्वार में जल पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाई तीन लोगों की जान

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार में गंगा घाटों पर तैनात जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार लोगों की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। रविवार को अलग-अलग घटनाओं में जवानों ने गंगा में डूब रहे तीन लोगों का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचाई।

वीकेंड और गंगा दशहरा स्नान को लेकर हरिद्वार में भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गंगा घाटों पर जल पुलिस, एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।

पहली घटना विष्णु घाट क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया और किसी तरह जंजीर पकड़कर लटक गया। युवक को बहता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तुरंत हरकत में आए। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

दूसरी घटना हाथी पुल के पास हुई, जहां गाजियाबाद से आया एक युवक गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव में फंस गया। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया।

मौके पर तैनात जवानों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते कार्रवाई होने से युवक की जान बच गई।

इसी क्षेत्र में एक महिला भी गंगा के तेज बहाव में बहने लगी। पीएसी और जल पुलिस के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाकर महिला को बमुश्किल सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। अधिकारियों ने कहा कि भीड़ और तेज बहाव को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।