

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


लोहाघाट की श्री राम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी द्वारा क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच देने और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता के निर्देशन में ‘रूमा झूमा’ मंच के माध्यम से जिले के बाल कलाकारों के लिए विशेष ऑडिशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।


रामलीला मंच पर आयोजित इस ऑडिशन में नृत्य, गायन और वादन कला के लिए बच्चों की प्रतिभाओं को परखा गया। कार्यक्रम में लोहाघाट, चंपावत और पाटी क्षेत्र से बड़ी संख्या में बाल कलाकारों ने भाग लेकर अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं।


कार्यक्रम का शुभारंभ व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया ने किया। उन्होंने श्री राम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र की प्रतिभाओं को नई पहचान देने का काम कर रहे हैं।


रामलीला कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने बताया कि ‘रूमा झूमा’ मंच का उद्देश्य क्षेत्र के उभरते कलाकारों को अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि चयनित कलाकारों को आगामी 13 और 14 जून को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का मौका मिलेगा।

ऑडिशन में पहुंचे बाल कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य, गीत और वादन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।


जीवन सिंह मेहता ने जानकारी दी कि रामलीला कमेटी द्वारा 3 जून से 11 जून तक कुमाऊनी भाषा में श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 13 और 14 जून को ‘रूमा झूमा’ नृत्य, गायन और वादन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।


उन्होंने बताया कि 12 जून को क्षेत्र के पुराने फुटबॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा और महिला रामलीला का भी आयोजन होगा। इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
जीवन सिंह मेहता ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि लोहाघाट का प्रसिद्ध होली रंग महोत्सव, देवीधार महोत्सव और रामलीला मंच क्षेत्रीय संस्कृति को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

