

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


पर्यटन सीजन शुरू होते ही मसूरी में बढ़ती वाहनों की संख्या और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने से शटल सेवा शुरू कर दी है। इस व्यवस्था का संचालन किंक्रेग स्थित कार पार्किंग से किया जाएगा।


जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शटल सेवा का शुभारंभ किया गया। प्रशासन का उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।


नई व्यवस्था के तहत पहले चरण में टेंपो ट्रेवलर्स और बड़ी बसों को किंक्रेग पार्किंग में ही रोका जाएगा। यहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से लाइब्रेरी चौक और पिक्चर पैलेस तक पहुंचाया जाएगा।


प्रशासन ने पिक्चर पैलेस और लाइब्रेरी चौक क्षेत्र में वाहनों की भीड़ कम करने के लिए वहां पर्याप्त खाली स्थान बनाए रखने की योजना तैयार की है, जिससे यातायात प्रभावित न हो।

उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती है। इसी को देखते हुए बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश देने के बजाय पार्किंग स्थल पर रोका जाएगा।

उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन व्यवस्था धीरे-धीरे पूरी तरह सुचारु हो जाएगी। यदि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं तो पूरे पर्यटन सीजन में इसे जारी रखा जाएगा।


अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि पिछले सप्ताह जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इस संबंध में टैक्सी यूनियन से भी वार्ता की गई है ताकि पर्यटकों को कम दरों पर बेहतर सुविधा मिल सके।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने कहा कि बड़े वाहनों के मसूरी में प्रवेश करने से लगातार जाम की स्थिति बनती थी। नई शटल व्यवस्था से यातायात दबाव कम होगा और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

