काली फिल्म लगी थार पर पुलिस की कार्रवाई, दिल्ली से आए पर्यटकों को हटानी पड़ी फिल्म

काली फिल्म लगी थार पर पुलिस की कार्रवाई, दिल्ली से आए पर्यटकों को हटानी पड़ी फिल्म

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी के मलिंगार चौक पर पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर रही एक थार गाड़ी पर कार्रवाई करते हुए वाहन से काली फिल्म उतरवाई। वाहन में दिल्ली से घूमने आए पर्यटक सवार थे।

जानकारी के अनुसार, थार गाड़ी के सभी शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी और फ्रंट ग्लास पर पुलिस का बड़ा लोगो भी लगाया गया था। वाहन में तीन युवक और एक युवती सवार थे।

चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने वाहन को रोककर काली फिल्म हटाने के निर्देश दिए। शुरुआत में पर्यटकों ने आनाकानी की और पुलिस से फोन पर किसी से बात कराने की कोशिश भी की।

हालांकि पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए सख्त रुख अपनाया और स्पष्ट किया कि किसी को भी यातायात नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य पर्यटकों ने भी पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया, जिसके बाद दबाव बढ़ने पर वाहन सवारों को काली फिल्म हटानी पड़ी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार वाहनों पर अवैध काली फिल्म लगाना प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कानून व्यवस्था का संदेश जाता है और नियम तोड़ने वालों पर अंकुश लगता है।

मसूरी पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे पर्यटन स्थलों पर आते समय यातायात नियमों का पालन करें और वाहन संबंधित सभी मानकों का ध्यान रखें।