

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट


एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कालाढूंगी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना कालाढूंगी में दर्ज धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित गंभीर मामले में वांछित चल रहा था। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण सैनी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।

मामले में आरोप है कि अभियुक्त ने वादिनी के पति वैभव कुमार के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। उपचार के दौरान वैभव कुमार की दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में मौत हो गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।

लगातार की जा रही सघन जांच और निगरानी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हल्द्वानी क्षेत्र के देवलचौड़ रोड स्थित रामजी विहार गेट नंबर-4 के सामने से गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

