ऋषिकेश होटल में बड़ा लिफ्ट हादसा, फरीदाबाद के 22 पत्रकार घायल

ऋषिकेश होटल में बड़ा लिफ्ट हादसा, फरीदाबाद के 22 पत्रकार घायल

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक होटल में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां फरीदाबाद से घूमने आए 22 पत्रकारों का दल लिफ्ट दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में कई पत्रकार घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से आया पत्रकारों का दल ऋषिकेश के एक होटल में ठहरा हुआ था। देर रात सभी लोग होटल के रेस्टोरेंट में भोजन करने के बाद लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे।

इसी दौरान अचानक लिफ्ट की तार टूट गई और लिफ्ट पांचवीं मंजिल से सीधे नीचे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। हादसे के समय होटल परिसर में जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

तेज आवाज सुनकर होटल कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ पत्रकारों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद घायल पत्रकारों ने होटल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि लिफ्ट की समय-समय पर तकनीकी जांच और रखरखाव किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद होटल में ठहरे अन्य लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन द्वारा लिफ्ट की तकनीकी जांच कराने और हादसे के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।