नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा, खटीमा के एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा, खटीमा के एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले में रविवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे खटीमा क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। हादसे में खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार यूपी 32 क्यू 1874 नंबर की कार भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढेला गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा बेहद दुर्गम और घने जंगल वाले क्षेत्र में होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

बाद में स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों के चलते रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।

हादसे में मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पुत्र वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्री रवी चुफाल (12 वर्ष), निवासी टनकपुर रोड अमाऊ खटीमा तथा वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष), निवासी आलमनगर लखनऊ के रूप में हुई है।

जब मृतकों के शव खटीमा स्थित उनके घर पहुंचे तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को और मजबूत करने की मांग भी उठाई है।

इस दुखद हादसे पर भुवन कापड़ी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है।