मद्महेश्वर धाम के कपाट खुले, उत्सव डोली पहुंचने पर गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

मद्महेश्वर धाम के कपाट खुले, उत्सव डोली पहुंचने पर गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट श्रद्धा, आस्था और वैदिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर पूरा धाम “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।

भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गोंडार में रात्रि विश्राम के बाद सुबह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धाम के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

लगभग 10:45 बजे उत्सव डोली धाम पहुंची, जहां मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजा-अर्चना के साथ कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण छा गया।

मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग सहित वेदपाठियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद करीब 11 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

कपाट खुलते ही लगभग 1135 श्रद्धालुओं ने भगवान मद्महेश्वर के प्रथम दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

कपाटोद्घाटन के अवसर पर मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा सुरक्षा, आवागमन और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। यात्रा मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया।

हिमालय की गोद में स्थित यह धाम अपनी दिव्यता, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए विशेष पहचान रखता है। कपाट खुलने के साथ ही यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ने लगी है।

इस अवसर पर मंदिर समिति सदस्य प्रहलाद पुष्पवान, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, प्रधान गोंडार अनूप पंवार, पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानंद पंवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।